दहेज का मुकदमा वापस नहीं लेने पर दामाद ने ससुर और पत्नी को गोली मारने की धमकी दी है। आरोप है कि वह लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। ससुर ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ा निवासी एक युवती की शादी कुछ माह पूर्व हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। साथ ही मायके से दहेज में लाखों रुपये लाने का दबाव बनाने लगे थे। विरोध करने पर मारपीट करते थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इस पर विवाहिता ने कोतवाली में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि अब महिला का पति मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। शुक्रवार सुबह भी उसने फोन कर मुकदमा वापस नहीं लेने पर गोली मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।