अघोषित बिजली कटौती नहीं करने के आश्वासन पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से चला आ रहा धरना 23 दिन बाद समाप्त हो गया। इस दौरान किसानों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भी सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से अघोषित बिजली कटौती रोकने और जर्जर लाइनों को बदलने की मांग को लेकर नारसन विद्युत उपकेंद्र पर 23 दिन से धरना दिया जा रहा था। शुक्रवार को धरनास्थल पर पहुंचे अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने किसानों से वार्ता की। साथ ही आश्वासन दिया कि अघोषित विद्युत कटौती नहीं होगी और जर्जर विद्युत लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। साथ ही एक ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौंपा। इस दौरान गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत लाइनें कई जगह से क्षतिग्रस्त हैं। जर्जर लाइनों के कारण खड़ी फसलों में आग लग जाती है। विद्युत कटौती से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ती है। अधिशासी अभियंता ने समस्याओं का हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस दौरान गढ़वाल मंडल महामंत्री अरविंद राठी, गौरव देशवाल, विपिन कुमार, मनोज कुमार, पीरू कुमार, लक्ष्मण सिंह, हरदीप, कुलदीप राठी, अंकुर, अक्षय, गोलू, राजीव मौजूद रहे।