लंबे समय बाद आखिरकार प्रशासन को घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग की याद आ ही गई। बुधवार को होटल-ढाबों में घरेलू सिलेंडरों का प्रयोग करने वालों के खिलाफ प्रशासन की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान प्रशासनिक टीम की ओर से कामर्शियल कार्यों में उपयोग हो रहे 21 घरेलू गैस सिलेंडर को जब्त कर लिए गए।
शहर में होटल-ढाबों में जमकर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। होटल-ढाबों पर कामर्शियल सिलेंडरों की जगह घरेलू सिलेंडरों का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। अब बुधवार को प्रशासन ने घरेलू सिलेंडरों का प्रयोग करने वाले होटल, ढाबों संचालकों पर कार्रवाई की तो अफरा-तफरी मच गई। तहसीलदार मंजीत सिंह गिल के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट चलाने वाले के प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। रुड़की टाकीज से लेकर नगर निगम पुल, कलियर रोड, आजाद नगर से लेकर गणेशपुर पुल तथा स्टेशन रोड एवं स्टेशन के बाहर छापेमारी में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्रयोग हो रहे 21 घरेलू सिलेंडरों को पकड़कर जब्त कर लिया गया। उन्हें एक वाहन में भरकर तहसील में आपूर्ति विभाग के कार्यालय में जमा करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान अपर तहसीलदार चित्रकुमार त्यागी, नायब तहसीलदार पीतम सिंह आदि मौजूद रहे। नायब तहसीलदार पीतम सिंह ने बताया कि आगे की कार्रवाई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पूर्ति विभाग करेगा।
सिफारिशें भी नहीं आई काम
घरेलू सिलेंडरों को पकड़ने के दौरान कई नेताओं के फोन भी अधिकारियों पर आते रहे, लेकिन अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी। जिससे एक भी सिलेंडरों को नहीं छोड़ा गया। इससे सिलेंडर छुड़वाने वाले की सिफरिशें भी उनके काम नहीं आ सकी।