गन्ना क्रय केंद्रों में बदलाव का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पेराई सत्र के बीच क्रय केंद्रों में बदलाव से किसानों में नाराजगी है। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने गन्ना समिति के सचिव के माध्यम से गन्ना मंत्री और गन्ना आयुक्त को ज्ञापन प्रेषित कर क्रय केंद्रों को इधर-उधर किए जाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन ने क्रय केंद्रों पर बदलाव पर रोक नहीं लगने पर समिति परिसर में धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
भाकिसं के प्रदेश अध्यक्ष कुशलपाल सिंह के नेतृत्व में महावीर चौधरी, आजाद सिंह, राज सिंह, कालूराम सहित समिति के पदाधिकारी गन्ना समिति कार्यालय पहुंचकर समिति के विशेष सचिव से मिले। उन्होंने सचिव के माध्यम से गन्ना मंत्री, गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि विभागीय बैठक के बाद नियमानुसार ही सभी चीनी मिलों को क्रय केंद्र आवंटित किए गए थे लेकिन अब पेराई सत्र के बीच में किसी एक चीनी मिल के क्रय केंद्रों को दूसरी मिल को आवंटित किया जा रहा है। यह गलत और किसान व चीनी मिलों के हित में नहीं हैं। पेराई सत्र के बीच में क्रय केंद्रों में बदलाव का कोई औचित्य नहीं है। पदाधिकारियों ने क्रय केंद्रों में बदलाव पर तत्काल रोक लगाने और पूर्व स्थिति लागू किए जाने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने गन्ना समिति परिसर में धरने पर बैठने की भी चेतावनी दी है।