किसान की फसल को हाथियों के झुंड ने रौंद दिया। किसान ने उन्हें भगाने का प्रयास किया तो हाथियों ने दौड़ लिया। किसान ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। साथ ही गांव पहुंचकर हाथियों के आने की सूचना दी।
बुग्गावाला क्षेत्र में हाथियों और नीलगाय के झुंड किसानों की फसलों को रौंद रहे हैं। रखवाली के लिए बुग्गावाला क्षेत्र के किसान रात में खेतों पर जाते हैं। साथ ही मचान पर बैठकर खेतों की देखभाल करते हैं। रोजना की तरह शहीदवाला ग्रंट निवासी ऋषिपाल चौहान रात में मचान पर बैठकर खेतों की रखवाली कर रहे थे। देर रात करीब तीन बजे हाथियों का एक झुंड जंगल की ओर से खेत में घुस आया। शोर होने पर उन्होंने टॉर्च मारकर देखा तो हाथियों का झुंड दिखाई दिया। उन्होंने हाथियों को भागने का प्रयास किया तो वह मचान की तरफ दौड़ पड़े। हाथियों को आते देख वह मचान से कूद पड़े और किसी तरह भागकर जान बचाई। गांव जाकर ग्रामीणों को हाथियों के फसल रौंदने की सूचना दी। सुबह उन्होंने खेत आकर देखा तो हाथियों ने पूरी फसल बर्बाद कर दी थी। किसानों का कहना है कि आए दिन जंगली जानवर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। वे वन विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी राम सिंह का कहना है कि ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान का वन विभाग की ओर से मुआवजा दिया जाता है।