फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तहसील दिवस में आई 28 में से दो का मौके पर निस्तारण

विज्ञापन
विज्ञापन
रुड़की। रुड़की तहसील में आयोजित तहसील दिवस में 28 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, इसमें से अधिकारी मात्र दो शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण करवा सके। जबकि अन्य शिकायतों को लेकर संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निस्तारित करने के आदेश दिए गए हैं। तहसील दिवस में लोग पेंशन, पैमाइश, जलभराव, ऊर्जा निगम आदि की समस्याएं लेकर पहुंचे।
विज्ञापन

मंगलवार को रुड़की तहसील में आयोजित तहसील दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामि बंसल ने लोगों की समस्या सुनी। इस दौरान भारापुर भौरी क्षेत्र के हलवाड़ी गांव निवासी शमशेर व जमशैद ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर भूमि पैमाइश की मांग की है। कुआंखेड़ा निवासी धर्मपाल ने शिकायत पत्र देकर बताया कि ग्राम पंचायत की भूमि पर कुछ लोगों के द्वारा गन्ना की बुवाई कर रखी है। अब ये लोग गन्ने की कटाई कर रहे हैं। धर्मपाल ने गन्ने की कटाई को रोकने की मांग की है। पंकज कुमार, राजीव, अरुण, उदय, मेनपाल, अमित पाल, राजीव व विवेक आदि ने शिकायती पत्र देकर बताया कि वह भगवानपुर की एक कंपनी में काम करते थे, लेकिन कुछ दिनों पहले पांच श्रमिकों को कंपनी से निकाल दिया गया। क्योंकि पांच टेबलेट खाली मार्किट में चली गई थी। श्रमिकों की ओर से जेएम से कार्रवाई की मांग की गई है। जेएम नमामि बंसल ने बताया कि तहसील दिवस में कुल 28 शिकायत आई थी। जिसमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया है। वहीं अन्य शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। इस दौरान जलकल अभियंता राजेश निर्वाल, प्रभारी तहसीलदार कृष्णनंद, मंगलौर इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर गीता भंडारी आदि मौजूद रहे।
... तो क्या फायदा ऐसे तहसील दिवस का
छह तहसील दिवस में शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
एक अन्य मामले में भी दूसरी बार तहसील दिवस में लगानी पड़ी गुहार
माई सिटी रिपोर्टर
रुड़की। सलेमपुर की जलभराव की समस्याओं को छह तहसील दिवस में दर्ज कराया जा चुका है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिरकार इन तहसील दिवस का क्या फायदा है। पीड़ित ने एक बार फिर मंगलवार को तहसील दिवस में पहुंचकर समस्या के समाधान की मांग की है।
विज्ञापन

सलेमपुर राजपूताना निवासी अनूप कुमार ने मंगलवार में आयोजित तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव से निकलने वाले पानी का निकासी नाला करीब दो साल से टूटा पड़ा है। इस कारण गांव की निकासी का पानी तालाब में नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं उनके चार बीघा खेत में पानी भरा रहता है। इस कारण वह दो साल से अपने खेत में फसल नहीं उगा पा रहे हैं। शिकायत यह भी थी कि इस मामले की शिकायत दस अक्तूबर 2018, 23 जनवरी 2019, पांच मार्च 2019, 13 मई 2019, चार जून 2019 और छह अगस्त 19 में आयोजित तहसील दिवस में की जा चुकी है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पीड़ित अनूप कुमार ने बताया कि जेएम नमामि बंसल ने तत्काल नगर निगम के अधिकारियों को समस्या के समाधान के आदेश दिए हैं। एक अन्य मामले में आईआरआई सुपरवाइजर कालोनी निवासी आकाश ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि कालोनी में लो वोल्टेज की दिक्कत है। इस कारण लोगों को समस्याओं का समाधान करना पड़ता है। इस बाबत ऊर्जा निगम के अधिकारियों को भी शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आकाश ने बताया कि दो जुलाई को भी तहसील दिवस में मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया था। आकाश ने दोबारा शिकायत करते हुए समाधान की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें