- द ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, चुड़ियाला के छात्र ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
- 3000 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया
रुड़की। द ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, चुड़ियाला के छात्र तरुण चौधरी ने सीबीएसई क्लस्टर-19 एथलेटिक्स मीट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 18 जुलाई तक पुलिस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ज्वालापुर (हरिद्वार) में किया गया।
अंडर-17 वर्ग की तीन हजार मीटर दौड़ में तरुण चौधरी ने 10 मिनट 26.6 सेकेंड का समय निकालते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में सीबीएसई देहरादून और नोएडा रीजन के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया था। कड़े मुकाबले के बीच तरुण ने अपनी शानदार प्रदर्शन से सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने आगामी सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। तरुण चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित सिंघल, एथलेटिक्स कोच अभिषेक, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय से मिले बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित सिंघल ने तरुण की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से निखिल पंत, शालिनी पंत और सतीश चौधरी ने भी छात्र एवं उनके पिता रजनीश चौधरी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास जताया कि तरुण राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।