शहर के समीप मोहम्मदुपर में मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। डीजी हेल्थ के निर्देश पर सीएमओ ने सिविल अस्पताल से एक टीम भेजकर मरीज की स्थिति जानी। साथ ही सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए। उधर, मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। हालांकि डॉक्टर के अनुसार संदिग्ध मरीज में मंकीपॉक्स के सभी लक्षण नहीं मिले हैं।
दिल्ली हाईवे स्थित मोहम्मदपुर में 34 वर्षीय युवक की कुछ दिन से तबीयत खराब चल रही थी। युवक के चेहरे पर चिकन पॉक्स जैसे धब्बे दिखने लगे। धीरे-धीरे चेहरे के साथ ही पूरे शरीर पर धब्बों की संख्या बढ़ गई। इससे परिजन घबरा गए। उन्होंने पहले स्थानीय और फिर शहर के एक निजी अस्पताल में मरीज का चेकअप कराया। डॉक्टर ने मरीज को देखकर बताया कि युवक में मंकीपॉक्स के लक्षण दिख रहे हैं। इससे परिवार के लोग घबरा गए। वहीं एक डॉक्टर ने मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीज की जानकारी डब्ल्यूएचओ को भी दे दी। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीएमओ हरिद्वार ने रुड़की सिविल अस्पताल की एक टीम को मौके पर भेजा। मौके पर गई टीम ने युवक की जांच की और उसके ब्लड के साथ ही गले व चेहरे पर धब्बे के पास का भी सैंपल लिया। टीम ने सैंपल को जांच के लिए देहरादून भेज दिया है। हालांकि अभी अधिकारी मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। मामले में सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि सैंपल लेकर देहरादून भेज दिए गए हैं। मरीज में मंकीपॉक्स के लक्षण नहीं थे। वहीं सीएमओ डॉ. कुमार खगेंद्र का कहना है कि युवक में चिकन पॉक्स के लक्षण थे। मंकीपॉक्स का जिले में ही नहीं पूरे प्रदेश में कोई मामला नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग से लेकर एलआईयू भी सतर्क
शुक्रवार को जैसे ही रुड़की के मोहम्मदपुर में एक युवक में मंकीपॉक्स के लक्षण मिलने की सूचना मिली तो स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। यहां तक की एलआईयू भी सक्रिय हो गई। एलआईयू की टीम ने भी गांव में जाकर युवक का हाल जानने का प्रयास किया। वहीं अस्पताल में रिपोर्ट के लिए भी संपर्क साधते रहे।
डब्ल्यूएचओ की टीम के पहुंचने की भी चर्चा
युवक में मंकीपॉक्स के लक्षण मिलने की एक डॉक्टर ने डब्ल्यूएचओ को भी सूचना दे दी थी। बताया जा रहा है कि डब्ल्यूएचओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने सीएमओ को जांच के निर्देश दिए। वहीं दिनभर चर्चा रही कि डब्ल्यूएचओ की एक टीम शहर में पहुंची हुई है जो अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। एक तरफ जहां डब्ल्यूएचओ की टीम की रुड़की में होने की सूचना से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सकते में रहे। वहीं दूसरी ओर अधिकारियों ने टीम के रुड़की में होने से इनकार भी किया।
मंकीपॉक्स के लक्षण
शुरुआती लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, सूजन, कमर दर्द और मांसपेशियों में दर्द होना शुरू हो जाता है। बुखार के साथ ही चेहरे पर धब्बे उभर आते हैं, जो शुरू में चिकनपॉक्स जैसे लगते हैं। चेहरे के बाद ये धब्बे पूरे शरीर पर फैल जाते हैं और उभर आते हैं।