रुड़की। शहर में हाईवे पर जगह-जगह गड्ढों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में ही बैठकर प्रदर्शन किया। साथ ही ‘गड्ढा बताओ, पेड़ लगाओ’ अभियान के तहत हाईवे के गड्ढों में सांकेतिक पौधे लगाए। इस बीच सपा कार्यकर्ताओं ने शहर में हाईवे के गड्ढों का जिम्मेदार शहर विधायक और प्रदेश सरकार को बताया।
समाजवादी पार्टी के छात्र सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा त्यागी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने शहर में हाईवे पर जगह-जगह हो रहे गड्ढों को लेकर शहर विधायक प्रदीप बत्रा और प्रदेश सरकार को घेरा। सपा कार्यकर्ता घनश्याम यादव, कबीर सिंह, विराट त्यागी, समीर आलम, बिट्टू मौर्या ने शहर में हाईवे पर बने गड्ढों में बैठकर प्रदर्शन किया। इस बीच सपाइयों ने ‘गड्ढा बताओ, पेड़ लगाओ’ अभियान के तहत गणेशपुर पुल, बीएसएम तिराहा, हरिद्वार रोड, एमचएच चौराहा, रामपुर चुंगी, रुड़की टॉकीज चौक पर हाईवे पर बने गड्ढों में पौधे रोपे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा त्यागी ने कहा कि शहर में हाईवे पर गड्ढे नहीं, गड्ढों में हाईवे हो गया है। इन गड्ढों की न ही शहर विधायक प्रदीप बत्रा सुध ले रहे हैं और न ही प्रदेश सरकार। उन्होंने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में विकास के नाम पर मात्र खानापूर्ति की जा रही है। हाईवे पर गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। सरकार और विधायक को चाहिए कि वह हाईवे को दुरुस्त करें। उन्होंने बताया कि वह अब तक शहर में हाईवे पर गड्ढों में 27 जगहों पर पौधे लगाकर चुके हैं और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।