गिरवी जेवर छुड़ाने के लिए पिता ने रकम नहीं दी तो नाराज बड़े बेटे ने तकिये से मुंह दबाकर जान से मारने की कोशिश की। उसके छोटे भाई व मां ने किसी तरह जान बचाई और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव ढंडेरा निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसका बड़ा बेटा नशा करता है। कुछ दिन पहले उसने अपनी मां के जेवर चोरी कर एक सुनार के यहां गिरवी रख दिए थे। इसकी जानकारी उन्हें लगी तो बड़े बेटे से जानकारी ली। आरोप है कि इसपर उसने गाली-गलौज की। साथ ही जेवर छुड़ाने के लिए रकम देने का दबाव बनाने लगा। उन्होंने इतनी रकम नहीं होने और कुछ दिन बाद रकम जमाकर जेवर छुड़वाने की बात कही। आरोप है कि रविवार रात वह घर पर सो रहे थे। इस बीच बड़ा बेटा नशे की हालत में घर आया और तकिये से मुंह दबाने लगा। इस बीच पत्नी व छोटे बेटे की आंख खुल गई और किसी तरह उन्होंने जान बचाई। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।