कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला किला स्थित एक घर के अंदर अवैध पशु कटान की सूचना मिलने पर पुलिस ने 95 किलो भैंस का मांस, पशु की खाल, पूंछ और पैर के अवशेष व कटान में इस्तेमाल होने वाली छुरी को बरामद कर फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अपर उपनिरीक्षक श्याम बाबू अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला किला निवासी सलमान और अलीशान घर के अंदर अवैध रूप से पशु कटान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अंदर सलमान और अलीशान मांस की काट-छांट करते हुए दिखाई दिए। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस को बल प्रयोग कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। इसी दौरान दोनों आरोपी सीढ़ियों के रास्ते छत से फरार हो गए।
घटनास्थल से बरामद मांस का परीक्षण कराने के लिए पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पंवार को बुलाया गया जिन्होंने मांस के गोवंशीय होने की पुष्टि की। स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बरामद मांस और अन्य अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर नष्ट कर दिया गया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।