बकाया बिल भुगतान वसूली के लिए ऊर्जा निगम की कार्रवाई और विद्युत बिलों पर सरचार्ज माफी नहीं किए जाने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन पटेल के बैनर तले आक्रोशित किसान मंगलवार को निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे। सभी गेट के सामने धरने पर बैठ गए। किसानों ने विभाग में भ्रष्टाचार और मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम सौरभ असवाल को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार सुबह भाकियू पटेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी कीरत सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान नगर के लोको कालोनी स्थित ईई कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। चौधरी कीरत सिंह ने कहा कि विद्युत पोल और लाइन शिफ्टिंग से लेकर विद्युत कनेक्शन तक में विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। विभागीय अधिकारी बकाया वसूली के नाम पर मनमानी कर रहे हैं।
बिना किसी सूचना के लोगों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। लोगों पर जितना विद्युत बिल बकाया नहीं है उससे कई गुना अधिक सरचार्ज वसूला जा रहा है। उन्हाेंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान निगम के ईई भी वहीं मौजूद रहे। बाद में एसडीएम सौरभ असवाल मौके पर पहुंचे। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। इस दौरान धीर सिंह, पवन कुमार, तेलूराम प्रधान, राकेश कुमार, भोपाल सिंह, विकास कुमार, नीटू, देवपाल, धर्मपाल रफल सिंह, भोपाल सिंह, भंवर सिंह, धर्मपाल सिंह, राहुल, अंकित किसान मौजूद रहे।
ज्ञापन में यह की गईं मांगें
विद्युत दरों में हुई वृद्धि तत्काल वापस ली जाए।
बकाया विद्युत बिलों पर सरचार्ज शत प्रतिशत माफ हो।
गलत रीडिंग के मामलों में स्थानीय स्तर पर मीटर जांच लैब बनें।
स्मार्ट मीटर पर प्रतिबंध लगाया जाए।
बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटने पर रोक लगे।