गवानपुर क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास की गई अवैध प्लाटिंग का कार्य रुकवाते एसडीएम ब्रिजेश कु?
- फोटो : ROORKEE
अवैध तरीके से कॉलोनी काटने की शिकायत पर पहुंचे एसडीएम ने दस्तावेज मांगे तो संबंधित लोग कुछ नहीं दिखा सके। इस पर एसडीएम ने कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। वहीं, प्रशासन की कार्रवाई से कॉलोनी काटने वालों में खलबली मची है।
भगवानपुर क्षेत्र में कई जगहों पर कृषि भूमि पर अवैध तरीके से कॉलोनी काटी जा रही हैं। बिना किसी अनुमति के कॉलोनी काटने की लोगों ने शिकायत एसडीएम से की थी। साथ ही सिकंदरपुर भैंसवाल के पास एक कॉलोनी की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी सिकंदरपुर भैंसवाल के पास कृषि भूमि में काटी जा रही कॉलोनी में पहुंचे। उन्होंने कॉलोनी काटने वालों से अनुमति और अन्य कागजात मांगे, लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाए। एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी ने बताया कि अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।