वाणिज्य कर विभाग की एसटीएफ ने देहरादून और हरिद्वार में सिडकुल रोशनाबाद व सिडकुल भगवानपुर की चार फर्मों में करीब 15 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी है। कास्टिंग व ऑटो पार्ट्स बनाने और ट्रेडिंग करने वाली इन फर्मों ने करीब ढाई सौ से तीन सौ करोड़ रुपये की बिक्री वाणिज्य कर विभाग से छिपाई हुई थी। इसके लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने पर चारों फर्मों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
वाणिज्य कर विभाग को देहरादून हरिद्वार जोन में कास्टिंग और आटो पार्ट्स बनाने वाली फर्मों में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की सूचनाएं मिल रही थी। एडिशनल कमिश्नर बीबी मठपाल के निर्देशन में वाणिज्य कर विभाग की एसटीएफ ने बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे छापेमारी शुरू की। अलग अलग टीमों ने शाम चार बजे तक देहरादून की दो फर्मों, हरिद्वार में रोशनाबाद सिडकुल की एक और भगवानपुर रायपुर की एक फर्म में छापेमारी कर पूरी छानबीन की। पड़ताल में सामने आया कि करीब ढाई सौ से तीन सौ करोड़ रुपये तक की बिक्री टैक्स चोरी के लिए विभाग से छिपाई गई थी। इस बिक्री पर करीब 15 करोड़ रुपये का टैक्स बताया जा रहा है।
जांच में ये भी पता चला है कि टैक्स चोरी के लिए फर्मों ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। लिहाजा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी विभाग कर रहा है। छापेमारी करने वाली टीम में असिस्टेंट कमिश्नर संजीव त्रिपाठी, डीपी सिंह, मदन लाल अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, अनुराग मिश्रा, धर्मेन्द्र चौहान, अभय पांडेय, सतीश ठाकुर, आाश्ीष उपाध्याय आदि शामिल रहे।