खनन सामग्री से भरे डंपर की चपेट में आकर बच्चे की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने डंपर चालक को पकड़कर पिटाई कर दी और ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और भीड़ की नोकझोंक हो गई। पुलिस चालक को छुड़ाकर ले जाने लगी, तब भी भीड़ ने चालक को खींचकर पीटा। आखिरकार पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया और शव कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लक्सर के हरसीवाला गांव निवासी कुंवरपाल की ससुराल खानपुर थाने के दल्लावाला गांव में है। सोमवार दोपहर कुंवरपाल के साले पोपिंदर अपने भांजे विवेक (11) और बहन ओमवती को बाइक से लेकर दल्लावाला जा रहे थे। जैसे ही वह लक्सर में रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक से नीचे गिर गई जबकि विवेक उछलकर डंपर के अगले पहिये के नीचे आकर बुरी तरह कुचला गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने डंपर के चालक को नीचे उतार लिया और मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही चेतक पुलिसकर्मी पहुंचे और चालक को छुड़ाने का प्रयास किया। इसे लेकर पुलिसकर्मियों और भीड़ में जमकर नोकझोंक और खींचतान हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ बीएस चौहान और एसएसआई मनोज सिरोला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने स्ट्रेचर व भीड़ ने शव नहीं उठने दिया। पुलिस डंपर चालक को बाइक पर बैठाकर कोतवाली ले जाने लगी। इससे नाराज लोग चालक को खींचने लगे। इस दौरान भीड़ ने चालक की पुलिस के सामने ही दोबारा पिटाई कर दी। पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को दौड़ाया और चालक को लेकर कोतवाली पहुंची। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ बीएस चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विरोध पर युवक को हिरासत में लिया
परिजनों के आने से पहले ही पुलिस बच्चे का शव ले जाने लगी। इस बीच भीड़ में शामिल एक युवक ने विरोध किया। पुलिस ने बल प्रयोग कर युवक को हिरासत में ले लिया। इस बीच युवक की पगड़ी उतर गई। युवक ने पुलिस पर पगड़ी उछालने का आरोप लगाया। हालांकि, बाद में पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
ओवरब्रिज पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद रेलवे ओवरब्रिज और दोनों तरफ हाईवे पर भीषण जाम लग गया। भीड़ ने पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई। आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहनों की एंट्री पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती, जिससे आए दिन ब्रिज पर जाम लगता है। साथ ही ओवरलोड वाहनों से हादसे हो रहे हैं।