तीन बदमाशों ने सेल्समैन को पीटा, नकदी और आधार कार्ड लेकर फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कुरडी-देवबंद रोड पर स्थित एक फिलिंग स्टेशन पर बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीन अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन के साथ मारपीट कर हजारों रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। घटना के बाद आरोपी देवबंद की तरफ फरार हो गए।
पेट्रोल पंप के स्वामी मोहम्मद मन्नान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 मई की रात करीब 11:35 बजे एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक पेट्रोल पंप पर आए। उन्होंने वहां मौजूद सेल्समैन अनवर को अपना निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने अनवर के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे पेट्रोल बिक्री के कुल 25,300 रुपये लूट लिए। इसके अलावा, उन्होंने सेल्समैन का आधार कार्ड भी छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मोटरसाइकिल से देवबंद की दिशा में भाग निकले। पंप स्वामी का कहना है कि लूट की यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-