रुड़की बस अड्डे पर खड़ी बसें और यात्रियों के बिना सुनसान पड़ा बस अड्डा। संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एलिवेटेड रोड उद्घाटन कार्यक्रम के कारण रुड़की में आवागमन बेहद कम रहा। कई रोडवेज बसें नहीं चलीं। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें बेहद ही कम संख्या में सड़कों पर दौड़ी। इस बीच रुड़की बस अड्डे पर भी इक्का-दुक्का यात्री ही नजर आए। काफी बसें एक फेरा कर ही डिपो में वापस आ गईं और यात्रियों की संख्या नाम मात्र रहने पर फिर बस अड्डे में दिनभर खड़ी रही। इस दौरान जो भी यात्री बस अड्डे आया उसको अपने गंतव्य पहुंचने में परेशानियों को सामना करना पड़ा। समय से बस नहीं मिलने पर यात्रियों में मायूसी भी दिखी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का उद्घाटन किया। इसका असर रुड़की में भी देखने को मिला। रोडवेज की बसें कम ही सड़कों पर दिखाई दी। कुछ यात्री हरिद्वार, दिल्ली, देहरादून, सहारनपुर, खतौली, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि रूट पर सफर के लिए निकले लेकिन वाहन नहीं मिल पाए।
यात्री पीयूष शर्मा, गायत्री यादव, संगीता और मोहम्मद आलम आदि ने बताया कि वह अंबाला, चंडीगढ़, खतौली व मेरठ रूट की बस में सवार होने के लिए बस अड्डे पहुंचे थे लेकिन उन्हें बस काफी कम मिली। कुछ खतौली और मुजफ्फरनगर डिपो की बस में सवार होकर अपनी मंजिल की ओर देर से रवाना हुए। इस बीच उन्हें उत्तराखंड परिवहन निगम की बस में सफर करने का मौका नहीं मिला। सहायक महाप्रबंधक अमिता सैनी का कहना है कि वैसाखी स्नान और वीवीआईपी कार्यक्रम के लिए लोगों ने मंगलवार को सफर कम किया। मंगलवार दोपहर 4 बजे तक 23 निगम और 14 अनुबंधित बसों का संचालन रहा।