कोतवाली क्षेत्र के मखदूमपुर गांव में स्थित एक फाइबर कंपनी के साथ करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। कंपनी के ही छह सेल्समैनों ने मिलकर करीब 1.10 करोड़ रुपये की धनराशि हड़प ली। आरोपियों ने न केवल कंपनी का माल बाजार में बेचकर पैसे अपनी जेब में रखे बल्कि कुछ फर्जी फर्में दिखाकर भी कंपनी को चपत लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कंपनी के अधिकारी निशीथ बंसल ने सोमवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि संदीप शर्मा, सत्यम कुमार सिंह निवासी दिल्ली, सीपी चौधरी (मुरादाबाद), अजय वर्मा (वाराणसी), किशोर (जयपुर) और अंकित (जालंधर) कंपनी में बतौर सेल्समैन कार्यरत थे। इन लोगों ने मार्च 2025 से दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग राज्यों की दर्जनों फर्मों को करोड़ों का प्लाईवुड सप्लाई कराया। आरोप है कि इन सभी ने खरीदारों से भुगतान तो प्राप्त कर लिया लेकिन वह पैसा कंपनी के बैंक खातों में जमा नहीं किया।
भुगतान में देरी होने पर जब कंपनी ने अपने स्तर से पड़ताल की तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि कई फर्में केवल कागजों पर थीं और उनका प्लाईवुड का कोई काम ही नहीं था। आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत इन फर्जी फर्मों के नाम पर माल निकलवाया और उसे बाजार में बेचकर रकम आपस में बांट ली।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब जनवरी 2026 में आरोपियों से हिसाब मांगा गया तो उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया। आरोपियों ने उल्टा कंपनी अधिकारियों को ही झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुल 1,10,41,106 रुपये का गबन किया है। कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि कंपनी की तहरीर पर छह नामजद सेल्समैनों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बैंक खातों और संबंधित फर्मों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।