आरक्षण की मांग को लेकर हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर करीब साढ़े तीन घंटे तक जाम होने से राहगीर बेहद परेशान रहे। पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर वाहनों को पुहाना, लखनौता व झबरेड़ा मार्ग से निकाला। शाम करीब पांच बजे जाम खुलने पर यातायात सामान्य हो पाया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जाम लगने पर कुछ देर बाद पुलिस ने वाहनों को नारसन से मंगलौर की तरफ लौटाया। इसके बाद वाहनों को पुलिस ने झबरेड़ा होते हुए देवबंद मार्ग से निकालना शुरू किया। इस दौरान हरिद्वार से मेरठ-मुजफ्फरनगर-दिल्ली जाने वाले वाहनों को रुड़की में मिलिट्री चौराहे से डायवर्ट किया गया। यहां से पुहाना झबरेड़ा होते हुए वाहनों को वाया देवबंद भेजा गया। शाम पांच बजे जाम खुलने तक रोडवेज बसों, निजी वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर ज्यादा का सफर तय करना पड़ा। सफर लंबा होने से बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। जाम खुलने पर पांच बजे के बाद हाईवे पर यातायात सुचारु किया गया। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बॉर्डर पर जाम को देखते हुए रुड़की और लखनौता से डायवर्जन कर दिया गया था। वाहनों को पुहाना, झबरेड़ा, देवंबद होते हुए निकाला गया।