अलावलपुर गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। इस दौरान कुछ लोगों ने हाथों में तमंचा लेकर फोटो फेसबुक पर डाल दी। दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर अलावलपुर गांव निवासी कुछ लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी आ गए। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों में पहले कहासुनी और फिर जमकर मारपीट हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मारपीट में दो लोग घायल हो गए। वहीं, कुछ युवकों ने दबंगई दिखाते हुए हाथों में तमंचे लेकर फोटो खिंचवाई और फेसबुक पर अपलोड कर दी। इसकी जानकारी जैसे ही दूसरे पक्ष के लोगों को मिली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। करीब दस दिन पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। लक्सर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।