गाय लेकर जा रहे एक पिकअप चालक ने तीन युवकों पर हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बनकर एक लाख से अधिक की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही तीनों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, अंकित कुमार निवासी गौसगढ़, थाना भवन जिला शामली सात अगस्त को पिकअप में तीन गायें लेकर देहरादून की सैनिक कॉलोनी जा रहे थे। जैसे ही वह भगवानपुर क्षेत्र के कालेवाला गांव के सामने हाईवे पर पहुंचे तो तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया। तीनों ने बताया कि वे एक हिंदू संगठन से जुड़े हैं। तीनों ने गाय ले जाने के कागज मांगे, लेकिन वह नहीं दिखा पाया। इस पर युवक उसे गो तस्करी में जेल भेजने की धमकी देने लगे। इस बीच युवकों ने पिकअप छोड़ने के लिए रुपये मांगे। आरोप है कि एक युवक ने अपने खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए और एक लाख रुपये नकद ले लिए। इसकी जानकारी पिकअप चालक ने पुलिस को दी। साथ ही तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुलाब निवासी खेड़ी शिकोहपुर, मुर्सलीन निवासी बिहारीगढ़ और अबरार निवासी खुजनावर जिला सहारनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
--
सर्पदंश से दवा फैक्टरी के सुरक्षा गार्ड की मौत
भगवानपुर। रायपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित दवा फैक्टरी में नर सिंह निवासी चंदनपुर थाना रामपुर मनिहारन सहारनपुर सुरक्षा गार्ड थे। बताया जा रहा है कि फैक्टरी में निर्माण कार्य चल रहा है। इसी बीच रविवार रात नर सिंह को सांप ने काट लिया। फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों ने सूचना परिजनों को दी। परिजन उन्हें मुजफ्फरनगर ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को परिजन शव लेकर फैक्टरी के बाहर पहुंचे और मुआवजे की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद