एक घर में रखे गए 10 से ज्यादा लावारिस कुत्तों को रखने से भयभीत कॉलोनी के लोग शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे। काॅलोनीवासियों का कहना था कि रात को कुत्तों को एक कमरे में रखते हैं और सुबह को गली में छोड़ देते हैं। रात में कुत्ते इतना भौंकते हैं कि किसी को सोने नहीं देते।
शहर में कुत्तों को लेकर आए दिन विवाद सामने आने लगे हैं। ताजा मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की सोलानीपुरम कॉलोनी का है। मंगलवार को काॅलोनी निवासी विरेंद्र समेत कई लोग कोतवाली पहुंचे। उनके साथ कई महिलाएं भी थीं। लोगों ने आरोप लगाया कि काॅलोनी की एक महिला ने अपने यहां पर किरायेदार रखा हुआ है। इस किरायेदार के साथ मिलकर उन्होंने गलियाें में घूमने वाले 10 से अधिक लावारिस कुत्ते पकड़कर कमरों में रख लिए हैं।
इन कुत्तों को सुबह गलियाें में छोड़ दिया जाता है जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। कई बुजुर्ग लोग सुबह और शाम को घूमने के अलावा मंदिर भी नहीं जा पा रहे हैं। वहीं रात भर कुत्तों के भौंकने से लोग परेशान हैं। जब एक महिला ने विरोध किया तो आरोप है कि उसने उनकी बात मानने से इन्कार कर दिया और धमकी दे दी। लोगों ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।