रुड़की सिविल अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए लगी मरीजों की लाइन।
- फोटो : ROORKEE
कुछ समय से वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप के चलते सिविल अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। दो दिन बंद रहने के बाद मंगलवार को खुले अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कमरों के बाहर भी मरीजों लंबी लाइन लगी रही। मंगलवार को जहां अन्य दिन 200 के करीब मरीज पहुंच रहे थे, वहां 400 से ज्यादा मरीज पहुंचे।
मौसम में हो रहे परिवर्तन के चलते वायरल फीवर का प्रकोप काफी बढ़ गया है। वहीं बदल रहे मौसम से त्वचा रोगियों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। बच्चों में भी संक्रमित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। वहीं रविवार और सोमवार को अवकाश होने के चलते दो दिन बाद मंगलवार को सिविल अस्पताल खुला। दो दिन बाद खुले अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ रही। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर खुलने के साथ ही लंबी कतार लग गई। दोपहर साढ़े 12 बजे तक भी मरीजों लंबी कतार पर्चा बनवाने के लिए लगी रही। वहीं ओपीडी में डॉक्टरों के कमरों के सामने भी मरीजों की कतार लगी रही। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि एक तो फिलहाल संक्रमित बीमारियां चल रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल दो दिन तक बंद रहा। तीसरे दिन अस्पताल खुलने से मरीजों की संख्या ज्यादा रही। अभी वैसे तो आए दिन 200 के लगभग की ओपीडी हो रही थी, जबकि मंगलवार को करीब 400 मरीज ओपीडी में पहुंचे।