ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के औचक निरीक्षण में एई समेत नौ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसे लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को भेज दी है। वहीं, जेएम ने चेतावनी दी कि आगे से हर दिन 10 बजे कार्यालय में सभी अधिकारी और कर्मचारी पहुंचेंगे। लापरवाही बरतने वाले पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह की ओर से लगातार सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को जेएम सुबह 10 बजे से पहले औचक निरीक्षण के लिए एचआरडीए कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय में निरीक्षण करने के साथ ही उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। इस दौरान जेएम ने सवा दस बजे तक कार्यालय आने वालों को उपस्थिति लगाने का मौका दिया। साथ ही हिदायत दी कि आगे से हर दिन वह दस बजे कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान एई उमापति भट्ट समेत कई कर्मचारी कार्यालय नहीं पहुंचे थे। एई ने ग्रुप में अवकाश का प्रार्थना पत्र डाला था लेकिन वह सचिव के नाम था। जेएम ने कहा कि जो भी कर्मचारी अवकाश पर जाएं वह उनसे अवकाश लें। उन्होंने एई की अनुपस्थिति लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गैर हाजिर रहे आठ अन्य कर्मचारियों की भी अनुपस्थिति लगाई। जेएम ने कहा कि सभी कर्मचारी समय से कार्यालय में उपस्थित रहे। कोई फील्ड में है तो अपनी लाइव लोकेशन व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर करे। जेएम ने कार्यालय में एक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए जिसमें रजिस्टर्ड आर्किटेक्ट के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज होंगे। साथ ही बोर्ड पर नक्शा पास करवाने की प्रक्रिया और किसी का नक्शा खारिज होता है तो वह उसे कैसे चेक करे व खारिज होने का कारण व उसमें क्या कार्रवाई होगी, इसे भी लिखा जाएगा।