प्रॉपर्टी डीलर के घर चोरी का सूत्रधार भतीजा ही निकला है। भतीजे ने ही तीन दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार समेत नकदी और जेवर भी बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहलला कानूनगोयान निवासी प्रॉपर्टी डीलर नसीम अहमद के घर दस मई को चोरी की घटना हुई थी। नसीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि चार लोग घर में घुसे थे और किराएदार साजिया को धमकाया था। इसके बाद वह ऊपरी मंजिल पर गए और तिजोरी को तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरु कर दी थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक संदिग्ध कार नजर आई थी। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने चोरों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी थी।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि रविवार को इमरान निवासी बबैल रोड मनमोहन नगर, थाना किला जिला पानीपत हरियाणा, यासीन उर्फ सिंटू उर्फ सोनू निवासी मोहल्ला खेल, थाना कांधला जिला शामली हाल फार्म मछरौली, पानीपत हरियाणा, गुलफाम उर्फ गुलशेर निवासी गांव गंगेरू, थाना कांधला जिला शामली हाल उजा रोड गेट, थाना चांदनी बाग जिला पानीपत, हरियाणा और शमीम अहमद निवासी खालापार, पुलिस चौकी के पास, मुजफ्फरनगर हाल बंदा रोड, रुड़की को नकदी, जेवर और घटना में प्रयुक्त कार के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया क शमीम अहमद नसीम का सगा भतीजा है। वह नसीम के घर पर ही रहता और उसकी गुलफाम से दोस्ती है। रमजान के महीने में गुलफाम पहले रोजे पर शमीम के पास आया था। इस बीच नसीम ने अधिकतर जेवर और नकदी लॉकर में रखवा दी थी। जिसके बाद तिजोरी में अधिक नकदी और जेवर नहीं थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।