नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अजहर अली ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को पत्र भेजकर कस्बे के मोहल्ला टोली में तालाब की भूमि की पैमाइश करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि खुद को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बताने वाले कुछ लोग उनको देख लेने की धमकी दे रहे हैं, जबकि नगरपालिका परिषद ने प्रशासन की ओर से चिह्नित की गई भूमि की सफाई करा दी है।
बुधवार को नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी अजहर अली ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को प्रार्थनापत्र भेजकर बताया कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से पत्र भेजकर कहा गया था कि मोहल्ला टोली में जलभराव की समस्या के कारण तालाब की खोदाई कराई जाए। उनकी मांग से पहले ही नगर पालिका परिषद ने टेंडर निकालकर तालाब की खोदाई का कार्य शुरू कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले धरने पर बैठ गए। अब प्रशासन की ओर से चिह्नित जमीन सफाई का कार्य करा दिया गया है और मोहल्ला टोली में जलभराव की समस्या भी समाप्त हो चुकी है। इस बीच स्थानीय निवासी अमीर अहमद ने उन्हें प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि खसरा नंबर 504/2 में धरने पर बैठे लोगों के मकान बने हुए हैं। उन्होंने खसरा नंबर 504/2 को खोजने की मांग की है। लिहाजा तहसील प्रशासन की टीम को शीघ्र खसरा नंबर की निशानदेही करनी होगी। उन्होंने भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बताने वाले कुछ लोगों पर उनके कार्यालय में आकर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
--
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से की ईओ की शिकायत
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर मंगलौर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी की शिकायत की। उन्होंने क्षेत्र में तालाब खोदाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
भाकियू के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में कहा कि मंगलौर में एक तालाब की खोदाई की मांग को लेकर जनता एक माह से भाकियू के बैनर तले धरना दे रही है। प्रशासन ने जो भी निशान लगाए हैं, अभी तक उसका केवल 25 फीसदी हिस्सा ही खोदा पाया है। इसको लेकर लोगों में रोष बना हुआ है। उन्होंने ईओ पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि इस मामले में उनका एक प्रतिनिधिमंडल 28 सितंबर को ईओ से मिलने के लिए उनके कार्यालय पर पहुंचा था। इसकी सूचना ईओ के पास पहले ही पहुंचा दी गई थी। इसके बावजूद उनके जाने से पहले ईओ कार्यालय से बाहर चले गए। शाम तक इंतजार करने के बाद भी वे नहीं आए। उन्होंने कहा कि दो दिन में तालाब की सही खोदाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, प्रदेश महासचिव रवि चौधरी, मंडल महामंत्री अरविंद राठी मौजूद रहे। संवाद