स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए नगर निगम की ओर से पिछले दो वर्षों में 20 सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। इनमें स्नानघर के साथ आधुनिक शौचालय भी शामिल हैं। पांच शौचालय निर्माणाधीन है।
नगर निगम की ओर से सभी 40 वार्डों में एक-एक सार्वजनिक शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। दो साल में 25 शौचालयों का लक्ष्य लगभग पूरा हो गया है। सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने शनिवार को शौचालयों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हर वार्ड में कम से एक सार्वजनिक शौचालय स्थापित करने की कोशिश है। जो नए शौचालय बन रहे हैं, उनमें नए वार्ड प्राथमिकता में रखे जा रहे हैं। मलकपुर चुंगी के पास आधुनिक शौचालय भी बनाया गया है। इसमें स्नानघर की भी सुविधा दी गई है। इसी तर्ज पर एक आधुनिक शौचालय नगर निगम कार्यालय के परिसर में भी बनाए जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता रैंकिंग में भी इसका लाभ मिलेगा।