कुछ लोगों ने सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि घर से लाखों का रुपये का सामान और जेवर भी चोरी कर ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गंगा एनक्लेव निवासी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी दिनेश सिंह असवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात वह परिवार के साथ पड़ोस में गए थे। इस बीच कुछ लोगों ने घर का ताला तोड़ दिया। आरोप है कि उक्त लोगों ने घर से बेड, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, बर्तन, सिलिंडर, गैस चूल्हा, जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। साथ ही घर में तोड़फोड़ कर दी। जाते समय उक्त लोगों ने सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि दिनेश और मांगेराम के बीच मकान पर कब्जे को लेकर विवाद चला आ रहा है। तहरीर के आधार पर मांगेराम और मनमोहन निवासी रुड़की व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।