रुड़की। घोषणा के बावजूद मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि न मिलने के विरोध में लोकतांत्रिक जन मोर्चा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक और रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जल्द मुआवजा नहीं मिलने पर मोर्चा ने 29 अगस्त को हरिद्वार जिले के साथ ही आसपास के जिलों में भी विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है।
बृहस्पतिवार को रुड़की के आदर्शनगर स्थित श्री गार्डन में पत्रकारवार्ता के दौरान लोजमो संयोजक सुभाष सैनी ने कहा कि अगस्त 2017 को रुड़की के शेरपुर में दो चौकीदारों इंदर सिंह सैनी और मेघराज सिंह सैनी की हत्या कर दी गई थी। तब तत्कालीन कैबिनेट मंत्री एवं शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक और विधायक प्रदीप बत्रा ने मृतक आश्रितों को ढाई-ढाई लाख रुपये का मुआवजे दिलाने की घोषणा की थी। इससे पहले 27 अप्रैल 2017 को भी प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भगवानपुर के गांव हल्लू माजरा में प्रधान एवं भाजपा कार्यकर्ता मांगेराम सैनी हत्याकांड में पीड़ितों के घर पहुंचकर मृतक आश्रितों को तीन लाख मुआवजा देने की घोषणा की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक आश्रित मुआवजे के लिए चक्कर काटते रहे, लेकिन उन्हें मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सीएम से लेकर पीएम तक भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मोर्चे ने मदन कौशिक और विधायक प्रदीप बत्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का एलान किया। इस मौके पर पूर्व सांसद राजेंद्र बाड़ी, लोजमो महिला मोर्चा अध्यक्ष सरिता सैनी, लोजमो किसान मोर्चा अध्यक्ष चौधरी आजाद बीर और लोजमो युवा विंग अध्यक्ष रविंद्र राणा आदि मौजूद रहे।