लक्सर में रेलवे अस्पताल भवन पर उगे पेड़ की कटाई करता कर्मचारी।
- फोटो : ROORKEE
दिल्ली मुख्यालय और मुरादाबाद मंडल से आई रेलवे की संयुक्त टीम ने लक्सर रेलवे अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल की डिस्पेंसरी में लाइट की उचित व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही अस्पताल की छत पर घास देखकर कड़ी नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को दिल्ली मुख्यालय से सीएचडी ओपी आनंद और मुरादाबाद मंडल से सीएमएस जगदीश चंद्रा लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से सीधे दोनों अधिकारी रेलवे अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल के सभी कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप मेहता से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की छत पर घास उगी होने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। इस पर अस्पताल प्रभारी ने छत पर उगी घास को तुरंत साफ करवाया। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल के कर्मचारियों की सूची की जांच की, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। फिर टीम ने अस्पताल का भंडार और डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। डिस्पेंसरी में दवाएं क्रम से रखी हुईं मिली, लेकिन लाइट व्यवस्था सही न होने पर सुधार लाने के निर्देश दिए। इसके बाद वैक्सीनेशन के बारे में रिपोर्ट तलब की। रेलवे के चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप मेहता ने बताया कि रेलवे के अस्पताल में कोई भी वैक्सीन नहीं आती है। वैक्सीन केवल सिविल अस्पतालों में आ रही है। इस दौरान लक्सर के स्वास्थ्य निरीक्षक कृष्णकांत आदि मौजूद रहे।