लक्सर में फर्जी वसीयत तैयार कर एक विधवा महिला की तीस बीघा जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। महिला ने इस सिलसिले में सास, मामा व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मुंडाखेड़ा कलां निवासी पूजा सैनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसके पति रवि उर्फ रविंद्र की हत्या सात मई 2015 को अकौढ़ा खुर्द के जंगल में हुई थी जिसका मुकदमा सरकार बनाम लोकेश आदि के बीच चल रहा है। पूजा का आरोप है कि उसकी सास कमलादेवी, सास का भाई विजय निवासी बंजारावाला कारगी चौक देहरादून व विजय का एक अन्य साथी मोहम्मद यामीन के साथ उसके पति की फर्जी वसीयत तैयार की गई है जिसमें रवि की मौत का प्रमाणपत्र भी हत्या से एक दिन पहले बनवाया गया है।
प्रमाणपत्र में बीमारी के चलते रवि की मौत होना दर्शाया गया है जबकि रवि की प्राकृतिक मौत न होकर सात मई को लोकेश आदि पर उसकी हत्या करने का आरोप है। पूजा सैनी ने सास कमला, सास के भाई विजय व एक अन्य मोहम्मद यामीन पर फर्जी वसीयत तैयार कर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूजा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।