पुलिस ने क्षेत्र के यूपी बॉर्डर पर कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं करने वालों के चालान काटकर जुर्माना वसूला। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भी बॉर्डर पर यात्रियों की कोरोना की जांच की।
प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए खानपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को खानपुर-पुरकाजी और बालावाली-मंडावर बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं करने वालों के चालान काटे और जुर्माना वसूला। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि बॉर्डर पर लगातार चेकिंग की जा रही है। खानपुर, गोवर्धनपुर के बाजारों में लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की जा रही है। वहीं, बृहस्पतिवार को पुलिस ने क्षेत्र में जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को मास्क वितरित किए। बाजारों में लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की।