पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसान मछली पालन कर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। भाजपा सरकार ने मछली पालन के क्षेत्र में अनेक कदम उठाए हैं जिससे मछली पालकों को काफी लाभ पहुंचा है। आगे भी भाजपा सरकार इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रहेगी। बुधवार को वह थिथकी कवायदपुर में आयोजित मत्स्य पालक गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि मछली पालन से किसान जल संचय भी करेगा जिसकी आज सभी को जरूरत है। मछली पालन करने से कई अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने नर्सरी तालाब पूजन, मत्स्य बीज संचय कर बत्तख हेचरी का उद्घाटन किया। रावत ने कहा कि उनकी मंशा हमेशा से किसानों को रोजगार मुहैया कराने की रही है। उनके कार्यकाल में किसानों को मछली पालन करने के लिए पट्टे भी अलॉट किए गए हैं ताकि किसान मछली पालन कर आजीविका चला सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व दर्जाधारी नेपाल सिंह कश्यप ने कहा कि मछली पालन के क्षेत्र में किसानों से आगे आने की अपील की जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित कपूर, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप चौधरी, भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी बाबूराम, सीनियर मत्स्य निरीक्षक यूपी सिंह, एनसीटीसी के डिप्टी एमडी योगेंद्र पुंडीर, मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन शिवम कुमार, नरेंद्र कुमार, विजयपाल, मनदीप कुमार, धर्मेंद्र, रविंद्र, राम वेदपाल, ओमपाल मौजूद रहे। उधर, रुड़की के पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लौटते समय रुड़की में उनके आवास पहुंचकर हालचाल जाना।