चुड़ियाला रेलवे फाटक पर ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर रेलवे के जीएम को ज्ञापन देते ग्रामीण।
- फोटो : ROORKEE
मुरादाबाद मंडल के रेलवे महाप्रबंधक आशुतोष गग्गल ने रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन मास्टर कार्यालय में रखे रजिस्टर और वीआईपी गेस्ट रूम का निरीक्षण किया। साथ ही रुड़की रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।
सोमवार सुबह करीब पौने 11 बजे जीएम आशुतोष गग्गल रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। रुड़की रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रुड़की रेलवे परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले वह वीआईपी गेस्ट रूम में पहुंचे और व्यवस्था देखी। इसके बाद वह स्टेशन मास्टर के कार्यालय पहुंचे और यहां पर रजिस्टर चेक किया। रजिस्टर से कुछ जानकारी के लिए उन्होंने कर्मचारियों को बुलाया। यहां से वह ओवरब्रिज पर गए और माल गोदाम के आसपास की जगह का निरीक्षण किया। वहीं, जीएम के निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारी और आरपीएफ के जवान अलर्ट रहे। इस दौरान डीआरएम अजय नंदन, स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा, सीएमआई अजय सिंह तोमर आदि मौजूद थे।
ट्रेनों का संचालन करने की मांग
चुड़ियाला। जीएम आशुतोष गग्गल ने सोमवार सुबह चुड़ियाला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कोरोना काल से बंद पड़ी ट्रेनों को सुचारू रूप से चलाने के लिए उन्हें ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने जीएम को बताया कि ट्रेनों के चलने से रुड़की, लक्सर, हरिद्वार देहरादून, सहारनपुर व दिल्ली आने जाने की सुविधा थी। अब ट्रेनें बंद पड़ी हैं जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जीएम ने ग्रामीणों को लोकल ट्रेनों को जल्द ही शुरू करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में डा. पहल सिंह, मोहम्मद फुरकान अंसारी, धारा सिंह, परवेज अंसारी, सोमपाल, मांगेराम, राहुल त्यागी आदि शामिल थे।