स्कूल के पास से तीन भाइयों ने दसवीं की छात्रा का अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं, एक आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म भी किया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की। कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने छात्रा को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय दसवीं की छात्रा बुधवार को स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने स्कूल और आसपास तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। शाम को परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत स्कूल पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। साथ ही छात्रा के साथ रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों से जानकारी ली। एक बच्ची ने बताया कि खंजरपुर निवासी एक युवक की बाइक पर उसे जाते देखा था। पुलिस ने युवक की पहचान की और उसकी लोकेशन निकाली तो पता चला कि वह सहारनपुर में है। पुलिस टीम सहारनपुर पहुंची और छात्रा को बरामद कर लिया।
साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रुड़की ले आई। इस बीच छात्रा ने बताया कि फरार आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दीप कुमार ने बताया कि तीन सगे भाई असद खान, आसिफ खान, आरिफ खान और कन्हैया के खिलाफ अपहरण व पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी असद खान पर दुष्कर्म की धारा भी लगाई है। आसिफ, आरिफ और कन्हैया को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस टीम में एसएसआई दीप कुमार, महिला दरोगा अंशु चौधरी, विनोद चपराना, राजेश देवरानी और स्वीटी शामिल रहे।
विनोद की मेहनत रंग लाई
छात्रा के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी तो एसएसआई दीप कुमार ने तेजतर्रार सिपाही विनोद चपराना को उसकी बरामदगी के लिए लगाया। चपराना ने छात्रा के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों से गहनता से पूछताछ की। एक छोटी बच्ची ने पुलिस को सुराग दे दिया। इसके बाद उन्होंने छात्रा को ले जाने वाले युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। उनकी मेहनत रंग लाई और छात्रा समय रहते बरामद हो गई। विनोद चपराना के इस कार्य की पुलिस अधिकारियों ने खूब सराहना की।