गर्मियों की छुट्टियों में कलियर जियारत करने व घूमने आने वाले लोगों के लिए गंगनहर की डुबकी और यहां सेल्फी लेने का क्रेज उनके लिए जानलेवा साबित हो रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए गंगनहर में लगाई गई छलांग कुछ लोगों के लिए आखिरी छलांग बनकर रह गई है। सालभर में औसतन 12 लोग गंगनहर में अपनी जान गंवा रहे हैं।
गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही तैराकी के शौकीन व सेल्फी लेने वाले युवक, किशोर, किशोरियां और कलियर में आने वाले जायरीन गंगनहर किनारे पहुंचने रहे हैं। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गंगनहर में छलांग लगाते हैं। साथ ही विभिन्न खतरनाक प्वाइंटों पर खड़े होकर सेल्फी लेते हैं। इसी मस्ती में कई बार गंगनहर के ऐसे खतरनाक क्षेत्र में पहुंच जाते हैं, जहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। गंगनहर में लोगों के डूबने की सबसे बड़ी वजह ये है कि लोगों को गंगनहर की गहराई की जानकारी नहीं होती। उन्हें ये भी नहीं मालूम होता कि गंगनहर में कहां छलांग लगानी है और कहां पर खतरनाक क्षेत्र है। दूसरी वजह ये है कि प्रशासन की ओर से गंगनहर पर कही भी सेफ या डेंजर जोन नहीं बनाया गया है।
स्थानीय लोगों ने उठाई आवाज
युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष मौसम अली, सभासद नाजिम त्यागी, परवेज मलिक, इस्तिकार अली, दिलशाद, गुलशाद सिद्दीकी, कासिम खान का कहना है कि दरगाह साबिर पाक में हजारों जायरीन आते हैं। वो गंगनहर में स्नान करने जाते हैं। इसके मद्देनजर घाटों पर खतरनाक स्थानों पर साइन बोर्ड लगने चाहिए। इस पर गंगनहर की गहराई एवं पानी की रफ्तार लिखी हो। गर्मियों के दिनों में गोताखोरों की व्यवस्था होनी चाहिए और गंगनहर के दोनों ओर किनारों पर एक रस्सा बंधा होना चाहिए।
खतरनाक प्वाइंट
- सोलानी पार्क, नगर पालिका पुल का सेंटर, पिरान कलियर नई गंगनहर का घाट
ये होने चाहिए इंतजाम
- डेंजर प्वाइंटों पर साइन बोर्ड होने चाहिए।
- बोर्ड पर गहराई और पानी की रफ्तार लिखी हो।
- गर्मियों के दिनों में घाटों पर गार्ड तैनात किए जाएं।
- नहर के दोनों छोरों पर रस्से बांधे जाएं।
हाल ही में हुए हादसे
- 3 जून को मुरादाबाद थाना भोजपुर निवासी आदिल (20) जायरीन गंगनहर में डूबा।
- 26 मार्च को कलियर के महमूदपुर निवासी एक छात्रा सोलानी पार्क के पास डूबी।
- 18 मार्च को रामपुर से आया जायरीन सेवी (18) नहाते समय डूब गया।
- 10 मार्च को महिला को बचाने की कोशिश में कलियर निवासी मोहर्रम डूब गया।
- 8 मई को भगवानपुर क्षेत्र के सिसौना गांव निवासी शहबान (22) डूब गया।
- 5 मई को फिरोज (15) निवासी मवी खुर्द खेड़ा काशीराम कालोनी जिला सहारनपुर डूबा।
- 5 मई को यूपी के जिला अमरोहा के गांव खताई खालसा निवासी जायरीन नईम खान (20) डूबा।
- 30 दिसंबर को बाजुहेड़ी आरसीई कॉलेज के दो छात्र आलोक और कमल चौधरी सेल्फी लेते हुए गंगनहर में डूबे।
- 31 दिसंबर को कक्षा 9 का छात्र वंश पाल (17) निवासी बेलड़ा गंगनहर में डूबा।