क्षेत्र के ग्राम करौंदी में पुरानी रंजिश में दो लोगों ने एक युवक पर घर में घुसकर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर पहले से ही चोरी, फायरिंग और मारपीट जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम करौंदी निवासी अमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वे मंगलवार शाम को अपने घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके घर में करौंदी निवासी रवि उर्फ काका और प्रेमराजपुर निवासी दीपक सैनी घुस आए। अंदर आते ही आरोपियों ने उनपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस फायरिंग से वे बाल-बाल बचे। आरोपियों ने उनपर दोबारा फायरिंग करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने किसी तरह से मौके से भागकर जान बचाई। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर भीड़ जमा होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस दौरान किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही पड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पीड़ित अमित कुमार की तहरीर पर आरोपी दीपक सैनी ग्राम प्रेमराजपुर व रवि उर्फ काका निवासी करौंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों पर पहले ही मारपीट, चोरी और फायरिंग जैसे दर्जनों मामले दर्ज हैं।