एक महिला ने अपने ससुर पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने महिला, ससुर व परिवार के अन्य सदस्यों को कोतवाली में बुलाकर जानकारी ली। वहां पर महिला ने हंगामा कर दिया और उसने गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने महिला को समझाकर शांत किया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कालोनी निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका अपनी देवरानी से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। ससुर भी उसकी देवरानी का पक्ष ले रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि बुधवार को ससुर ने घर में अकेला पाकर छेड़खानी की। विरोध करने पर धमकी दी। वहीं, महिला की शिकायत पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाकर जानकारी ली। यहां पर ससुर और महिला ने एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए जिससे हंगामा हो गया। इस बीच गुस्साई महिला ने गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। फिर भी महिला की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।