रुड़की में मुज्जफरनगर में आयोजित महापंचायत में शामिल होने जाते भारतीय किसान यूनियन टिकैत रोड गु
- फोटो : ROORKEE
रुड़की। मुजफ्फरनगर की महापंचायत को सफल बनाने के लिए किसानों के विभिन्न संगठनों ने अलग-अलग जगहों पर एकत्र होकर कूच किया। इस दौरान किसान गाड़ियों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से नारसन और खानपुर बॉर्डर से रवाना हुए। रुड़की में भारतीय किसान यूनियन रोड़ गुट के सैकड़ों किसान एकत्र होने के बाद नारसन बॉर्डर होते हुए मुजफ्फरनगर पहुंचे।
रविवार सुबह करीब 11 बजे भाकियू रोड़ गुट के प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड़ के नेतृत्व में किसान गंगनहर किनारे स्थित प्रशासनिक भवन में एकत्र हुए। इस दौरान पद्म सिंह रोड़ ने कहा कि किसान केंद्र और राज्य सरकार की ईंट से ईंट बजाने के लिए तैयार है जबकि केंद्र सरकार किसानों के संयम की परीक्षा लेने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार खेतों में हाड़तोड़ पसीना बहाने वाले किसान के संयम की परीक्षा न ही ले तो अच्छा है। जिस तरह देशभर में किसान एकजुट हो रहा है, आने वाले समय में किसान सरकार पर भारी पड़ेंगे। इस दौरान किसानों ने गाड़ियों पर झंडे लगाकर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद किसान गाड़ियों से नारसन बॉर्डर पहुंचे। यहां पहले से ही कुछ किसान मौजूद थे। यहां नारेबाजी कर किसान मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। इसके अलावा उत्तराखंड किसान मोर्चा, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) आदि संगठनों के किसान भी अलग-अलग जगहों पर एकत्र होने के बाद महापंचायत के लिए रवाना हुए।