लक्सर क्षेत्र के दस गांवों के किसानों ने लक्सर शुगर मिल को गन्ना देने से साफ इन्कार कर दिया है। किसानों का कहना है कि वे इस बार अपना गन्ना उत्तम शुगर मिल (लिब्बरहेड़ी) को देना चाहते हैं। उत्तम शुगर मिल का क्रय केंद्र खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेताओं से मिले। इस समस्या के समाधान के लिए हस्तक्षेप की मांग की।
गन्ना क्रय केंद्र बदलने के लिए मुख्य रूप से लालचंद वाला, धर्मपुर, रामपुर रायघटी, रानी माजरा, कलसिया, बालावाली, भोगपर, बाकरपुर, रायसी व भिक्कनपुर आदि गांवों के किसान लामबंद हैं। लक्सर क्षेत्र के विनोद प्रधान, विपिन, मनोज कुमार, बॉबी, रविंद्र सिंह, राजपाल सिंह, सुंदर नागर, प्रवीण कुमार, सोम सिंह, डाॅ. पवन सिंह आदि किसानों का आरोप है कि वे अपनी मांग को लेकर गन्ना आयुक्त और मंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं।
कई बार गुहार लगाने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। किसानों का कहना है कि लक्सर मिल की नीतियों और भुगतान व्यवस्था से वे संतुष्ट नहीं हैं इसलिए वे अपने क्षेत्र में उत्तम शुगर मिल का क्रय केंद्र स्थापित करवाना चाहते हैं।
कोट :
हमने शासन-प्रशासन के चक्कर काटकर देख लिए हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। अब भाकियू के माध्यम से आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।- बचन सिंह पीड़ित किसान
भाकियू (टिकैत) ने दिया समर्थन
भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने लक्सर क्षेत्र के किसानों को आश्वासन दिया कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो संगठन, गन्ना विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेगा। नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसान को यह हक होना चाहिए कि वह अपनी मेहनत की फसल किस मिल को बेचे। इस दौरान बैठक में भाकियू के संजय चौधरी, रवि चौधरी, चौ. सुक्रमपाल आदि सैकेडों किसान गुड मंडी कार्यालय पर मौजूद रहे।