रुड़की में बिजली कटौती व विभिन्न समस्याओं को लेकर रैली निकालकर प्रदर्शन करते भाकियू रोड गुट के प?
- फोटो : ROORKEE
उत्तराखंड किसान मोर्चा (उकिमो) के पदाधिकारियों ने किसानों की बिजली संबंधित समस्याओं का ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपकर निगम पर बिजली कटौती कर किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया। किसानों ने कहा कि अधिकारी बिल जमा कराने के लिए गांव पहुंचकर छापेमारी कर रहे हैं, लेकिन समस्याएं दूर करने के लिए फोन भी नहीं उठाते हैं। मोर्चा ने एलान किया कि उकिमो आगामी 20 जून को कार्यालय पर प्रदर्शन करेगा।
बृहस्पतिवार को उकिमो के पदाधिकारी किसानों के साथ अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधीक्षण अभियंता राहुल जैन को किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देकर चौधरी सुरेंद्र लंबरदार ने बताया कि देहात क्षेत्र में बिजली की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुरू में तीन से चार घंटे की जा रही कटौती को अब बढ़ाकर छह से आठ घंटे कर दिया गया है। इसके चलते खेतों में किसानों को सिंचाई करना मुश्किल हो गया है। आकिल हसन ने कहा कि निगम के अधिकारी बिल जमा कराने के लिए तो लगातार गांव पहुंचकर छापा मार रहे हैं, लेकिन कभी किसानों की समस्याएं नहीं सुनते। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्याओं को लेकर उत्तराखंड किसान मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता 20 जून को अधिशासी अभियंता शहरी के कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में मोहम्मद आजम, धर्मेंद्र चौधरी, मुकर्रम अली, पप्पू भाटिया, मोहम्मद शाहिद, दीपक पुंडीर और मोहम्मद साहिब आदि शामिल रहे।