60 हजार का बिजली बिल आने पर किसान संगठन के कार्यकर्ता एक किसान को लेकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय पहुंच गए। पीड़ित किसान ने वहां अपना बिस्तर लगाकर समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।
भारतीय किसान यूनियन टिकैट के मंडल अध्यक्ष गढ़वाल संजय चौधरी ने बताया कि किसान आजाद निवासी टिकोला कला मंगलौर के नाम पर ऊर्जा निगम ने 60 हजार रुपये का बिल भेजा है। उन्होंने बताया कि पीड़ित किसान चार महीने से अधिशासी अभियंता ग्रामीण के कार्यालय के चक्कर लगाकर थक चुका है लेकिन अब तक बिल कम नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसान आजाद की समस्या का समाधान नहीं होता तो ईई कार्यालय में ही आत्मदाह किया जाएगा। बुधवार को कार्यालय पहुंचे राजकमल राणा, इरशाद ठेकेदार, फहीम, देवेंद्र कुमार और अर्चित राणा आदि ने बताया कि ऊर्जा निगम की लापरवाही से किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। इसको संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा।