हरिद्वार में राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुबह ही नारसन बॉर्डर पर भारी वाहनों को रोक दिया गया। ऐसे में दोनों तरफ भारी वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस बीच वीकेंड पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने से बॉर्डर पर दो किमी लंबा जाम लग गया। नारसन संयुक्त जांच चौकी से यूपी के पुरकाजी तक वाहन फंसे रहे। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो बजे के बाद बॉर्डर पर स्थिति सामान्य हो पाई।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के धर्मनगरी आगमन पर रविवार को नारसन बॉर्डर पर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा। सुरक्षा की दृष्टि से हरिद्वार जाने वाले भारी वाहनों को नारसन तिराहे पर सुबह लगभग दस बजे से हरिद्वार की ओर जाने से रोक दिया गया। इस कारण हाईवे पर भारी वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस बीच वीकेंड पर उत्तराखंड घूमने आने वाले बाहरी राज्यों के सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में पुरकाजी तक वाहनों की लाइन लग गई। हाईवे किनारे स्थित ढाबों के बाहर भारी वाहन पार्क होने से ढाबा मालिकों की चालकों से नोकझोंक होती रही। इसे लेकर पुलिस बीचबचाव कराती नजर आई।
भारी भीड़ के चलते पुलिस को हाईवे पर उतरना पड़ा। नारसन बॉर्डर पर भारी वाहनों की लंबी लाइन के बीच वीकेंड पर आने वाले सैलानियों के वाहन भी फंस गए जिससे बॉर्डर पर करीब दो किमी लंबा जाम लग गया। इस दौरान चालकों और पुलिस के बीच नोकझोंक होती रही। राष्ट्रपति के हरिद्वार से करीब पौन एक बजे रवाना होने पर भारी वाहनों को आगे जाने दिया जिससे हाईवे पर स्थिति गंभीर हो गई। बॉर्डर से नारसन कस्बे तक जाम लग गया। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर करीब दो बजे के बाद स्थिति सामान्य हुई।
सर्विस रोड से गुजरे वाहन चालक
नारसन बॉर्डर पर जाम के हालत देखते हुए बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों ने सर्विस रोड का सहारा लिया। सर्विस रोड पर वाहनों की भीड़ से स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्विस रोड पर भी रुक-रुककर जाम की स्थिति बनती रही। करीब दो बजे के बाद स्थिति सही हो पाई।
बाईपास पर भी रहा कड़ा पहरा
पुलिस का सुबह से बाईपास पर भी कड़ा पहरा रहा। गश्त कर पुलिस ने भारी वाहनों को कई जगहों पर रोका। बाईपास पर भी पुलिस ने दो बजे के बाद भारी वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी। इसके बाद भारी वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।