आरोपियों ने मकान पर कब्जा करने की नीयत से एक घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। बीचबचाव करने आई युवतियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर छेड़खानी की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खुशनुमा निवासी मोहल्ला मलकपुरा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति नौशाद ने एक मकान रफीक से वर्ष 2006 में खरीदा था। उसने उक्त मकान को नगर पालिका के अभिलेखों में दर्ज कराया गया था। आरोप है कि मोना नाम की एक महिला उनके पास आई और बताया कि उसका मकान निर्माणाधीन है और उसे उसके मकान में कुछ दिन रहना है। उन्होंने उसे मकान दे दिया था। इसके बाद पीड़ितों ने मकान खाली करने की बात कही तो वह आनाकानी करने लगे। 13 अप्रैल को आरोपियों ने योजना बनाकर उनके घर में घुसकर उनपर हमला बोल दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने घर में मौजूद युवतियों के साथ अभद्रता भी की। आसपास के लोगों के मौके पर आ जाने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रफत अली ने बताया कि नामजद मोना, रूकैया, मुन्नी, रोजीना, अरशद, अशरफ, हारून, मोइन, ओसामा निवासी मोहल्ला मलकपुरा व छोटा निवासी जटौल, झबरेड़ा व शहजाद निवासी मांडला के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।