रुड़की स्थित चंद्रशेखर चौक पर उत्तराखंड सरकार का पुतला फूंकते सैनी समाज के लोग।
- फोटो : ROORKEE
रुड़की। लक्सर में सैनी समाज के युवकों पर केस दर्ज होने के विरोध में समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। साथ ही प्रदेश सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शनिवार को चंद्रशेखर चौक पर सैनी समाज के लोग एकत्रित हुए। इस दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर सैनी समाज के युवाओं को टारगेट करते हुए मुकदमे दर्ज किए हैं, जबकि युवा सामान्य तरीके से बैठक कर समाज के हित के लिए कार्य कर रहे थे। कहा कि अगर सरकार ने जल्द मुकदमे वापस नहीं लिए तो सैनी समाज उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा। ऑल इंडिया सैनी समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगर जल्द दर्ज मुकदमों को वापस नहीं लिया तो इसका खामियाजा 2022 में भुगतना पड़ेगा। इस दौरान समाज के लोगों ने नीलम टॉकीज चौक से लेकर चंद्रशेखर चौक तक जुलूस निकाला और पुतला फुंकते हुए नारेबाजी की। इस दौरान ब्रह्मपाल सिंह सैनी, आशीष सैनी, सहदेव सैनी, सतपाल सैनी, टीकाराम सैनी, सुशील सैनी, अशोक सैनी, जितेंद्र सैनी, रजनीश सैनी, मुकेश सैनी और चरण सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।