डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा में इस बार हरिद्वार और रुड़की से कुल 6,927 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा शनिवार को निर्धारित समयानुसार सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें हरिद्वार में पांच केंद्र में 1560 छात्र शामिल होंगे। वहीं रुड़की में 13 केंद्रों को बनाया गया है। इन 13 सेंटरों में 4737 छात्र-छात्राएं मौजूद रहेंगे। अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, दलबल सहित पर्यवेक्षकों की तैनाती और प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूर्ण रोक समेत कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि प्रवेश व जांच की प्रक्रिया में कोई परेशानी न हो।
परीक्षा हॉल में प्रवेश सुबह 9:50 बजे के बाद बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही एडमिट कार्ड, वैध फोटो पहचान पत्र के साथ लाना अनिवार्य होगा। डीएलएड प्रवेश परीक्षा प्राथमिक शिक्षा के लिए शिक्षक बनने की दिशा में पहला कदम मानी जाती है। यही कारण है कि हर वर्ष हजारों युवा इस परीक्षा में शामिल होकर अपने भविष्य की दिशा तय करते हैं। शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से शांतचित्त होकर परीक्षा देने और किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।