भगवानपुर (रुड़की)। आर्थिक तंगी दूर करने का झांसा देकर एक तांत्रिक ने ग्रामीण से 50 हजार रुपये ठग लिये। ग्रामीण को बताया गया था कि इस रकम से पूजा पाठ कर पैसों की बारिश होगी। मगर रुपये लेने के बाद तांत्रिक का कुछ अता पता नहीं चल पाया। पीड़ित ने भगवानपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस तांत्रिक की तलाश में जुट गई है।
छुटमुलपुर निवासी जयपाल कुछ दिन से आर्थिक रूप से परेशान चल रहा था। उसने ये परेशानी भैंसराव गांव निवासी अपने एक परिचित को बताई। जयपाल की परेशानी दूर करने के लिए परिचित ने उसे तांत्रिक के पास जाने का सुझाव दिया। साथ ही उसे ये भी बताया कि गाजियाबाद का एक तांत्रिक किशनपुर गांव में एक ग्रामीण के घर आता जाता है। जयपाल तांत्रिक से मिलने किशनपुर पहुंचा और उसे अपनी पूरी परेशानी बताई। तांत्रिक ने जयपाल को बताया कि हाथ की तंगी दूर करने के लिए पूजा पाठ करनी पड़ेगी। जिसमें 50 हजार रुपये खर्च आएगा। जयपाल ने किसी तरह तांत्रिक को पूरी रकम दे दी। इसके बाद तांत्रिक का कुछ पता नहीं चला। किशनपुर में भी तांत्रिक का सुराग नहीं मिल पाया। तंगहाली में 50 हजार की चपत लगने पर जयपाल थक हारकर मंगलवार को भगवानपुर थाने पहुंचा और तांत्रिक के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि तहरीर पर जांच करते हुए तांत्रिक की तलाश की जा रही है।