झबरेड़ा। झबरेड़ी गांव में शनिवार की शाम मतदान के दौरान उस समय बवाल हो गया, जब एक मतदाता किसी हेल्पर के साथ वोट डालने पहुंचा। दूसरे पक्ष के एजेंट ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसे लेकर पहले मारपीट और फिर पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर गोलियां चलने लगी। अफरातफरी और पथराव के बीच कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस फोर्स ने हालात को काबू किया। इसके बाद भारी फोर्स के बीच दोबारा मतदान शुरू हो सका।
तीसरे चरण का मतदान शनिवार की सुबह से शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। एक-दो स्थलों पर छिटपुट विवाद के अलावा कोई बड़ी घटना नहीं हुई थी, लेकिन मतदान के दौरान ही शाम साढ़े चार बजे के करीब अचानक झबरेड़ी गांव में बवाल हो गया। वोट डालने के लिए हेल्पर के साथ पहुंचे एक बुजुर्ग पर दूसरे पक्ष के एजेंट ने आपत्ति कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बात विवाद और फिर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर पथराव शुरू हो गया। मतदाताओं ने इधर-उधर भागकर जान बचाई।
लोगों के अनुसार इस दौरान छह-सात राउंड फायरिंग भी की गई। बवाल में झबरेड़ी गांव निवासी पिंटू (27), महिला सुदेश (40), अरुण (29) सहित कई अन्य घायल हो गए। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची और स्थिति को काबू किया। इसके बाद बचे मतदाता मतदान कर सके। इस संबंध में एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल का कहना है कि झबरेड़ी बूथ में झगड़े की सूचना के बाद मौके पर फोर्स भेजी गई थी, जिसके बाद हालात काबू कर लिए गए। उन्होंने मौके पर फायरिंग की घटना की जानकारी से इंकार कर दिया।