लक्सर। क्षेत्र के कुआखेड़ा गांव के स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट भारत आयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट को बंद कराने की मांग को लेकर धरना दे रहे आठ लोगों के खिलाफ प्लांट मैनेजर की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्लांट अधिकारियों ने काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
तीन माह से कुआखेड़ा के ग्रामीण गांव में लगे कूड़ा निस्तारण प्लांट को बंद कराने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। जिसके मद्देनजर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मंगेश घिल्डियाल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने मौके पर जाकर मृदा और पानी के सैंपल लिए थे। रिपोर्ट सकारात्मक आने के बाद जेएम ने ग्रामीणों से धरना समाप्त करने की अपील की थी। लेकिन ग्रामीण नहीं माने तो प्लांट प्रबंधन हाईकोर्ट चला गया। हाईकोर्ट ने ग्रामीणों को काम में बाधा न डालने और प्लांट से 200 मीटर दूरी तक कोई धरना प्रदर्शन नहीं करने के आदेश दिए थे। इसके बाद ग्रामीणों का प्लांट से 200 मीटर दूरी पर धरना जारी था। अब प्लांट के अधिकारियों ने धरना दे रहे ग्रामीणों पर काम में रुकावट डालने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए कोतवाली लक्सर में शिकायत की है। कोतवाल जयदेव आर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर आठ लोगों रणतेज, बिजेंद्र, सतेंद्र, हरदीव, नीलू, दुष्यंत, गुमान और मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।