फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा से पहुंचा शराब का जखीरा पकड़ा

Thu, 17 Dec 2015 11:44 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
विज्ञापन
विज्ञापन
भगवानपुर/चुड़ियाला। पंचायत चुनाव में वोटरों का गला तर करने के लिए हरियाणा से लाया जा रहा अंग्रेजी शराब का जखीरा भगवानपुर पुलिस की पकड़ में आ गया। मुखबिर की सूचना पर तीन तस्करों को एक ट्रक से 300 पेटी शराब लाते गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक करीब आठ लाख कीमत की यह शराब हरियाणा से भगवानपुर, झबरेड़ा, मंगलौर क्षेत्र में सप्लाई के लिए लाई गई थी। हालांकि उम्मीदवारों के नाम फिलहाल उजागर नहीं हो पाए हैं, लेकिन पुलिस पड़ताल में जुटी है।
विज्ञापन


पंचायत चुनाव में प्रचार के साथ ही शराब पीने पिलाने का दौर जोरों पर है। वोटरों को बांटने के लिए हरियाणा से सस्ते में शराब मंगाई जा रही है। भगवानपुर पुलिस को शराब की एक बड़ी खेप जिले में आने की सूचना मिली थी। जिस पर एसओ भगवानपुर सूर्यभूषण नेगी, काली नदी चौकी प्रभारी डीपी काला, मंडावर चौकी प्रभारी जगमोहन रमोला, तेज्जुपुर चौकी प्रभारी मनोज सिरोला समेत एसओजी प्रभारी नरेंद्र बिष्ट व टीम ने आसपास के क्षेत्र में जाल बिछाया। चुड़ियाला क्षेत्र में डाडली से महेश्वरी जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो शराब का जखीरा देखकर पुलिस के होश हो गए।

शराब की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए तस्करों ने अपने नाम दिलबाग पुत्र जयपाल निवासी बराड़ा, अंबाला, शुभम पुत्र सुरेश निवासी पीलखंडी अंबाला हरियाणा और अनुज कुमार पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी गडौला, गागलहेड़ी सहारनपुर बताए। उनके कब्जे से एक चाकू भी बरामद हुआ। साथ ही पड़ताल में ट्रक की नंबर प्लेट भी फर्जी निकली। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट, शस्त्र अधिनियम और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
विज्ञापन


जिस राज्य में तस्करी, उसकी नंबर प्लेट
पकड़े गए शराब तस्कर बेहद शातिर और चुनाव में अवैध शराब तस्करी के माहिर हैं। गैर राज्य का वाहन होने के शक में चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने हरिद्वार नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगाई हुई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि जिस राज्य में शराब की डिलीवरी देने जाते थे, उसी राज्य की फर्जी नंबर प्लेट लगा दी जाती थी।

एसएसपी ने दिया ढाई हजार का इनाम
चुनाव के दौरान शराब की खेप पकड़ने पर एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने टीम को ढाई हजार रुपये इनाम की घोषणा करते हुए हौसला बढ़ाया। वहीं एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल, सीओ  मंगलौर उत्तम सिंह चौहान ने भी टीम को शाबाशी दी। शराब पकड़ने वाली टीम में एसओ, चौकी प्रभारी व एसओजी प्रभारी के साथ उपनिरीक्षक प्रदीप रावत, कांस्टेबल दीपक नेगी, हरवीर सिंह, अजय, पद्म, विवेक, उमेश, नरेंद्र, गोविंद, प्रशांत, विनोद, अजय, राजेश, आनंद तोमर, चरण सिंह, विकास, सचिन आदि शामिल रहे।

बड़ी मछली पकड़ में आए तो बने बात
रुड़की। चुनाव में इतने बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी करना किसी छोटे तस्कर का काम नहीं है। पुलिस ने शराब का जखीरा पकड़कर तीन तस्करों को गिरफ्तार जरूर किया है, लेकिन बड़े तस्करों की गिरफ्तारी से नेटवर्क भेदा जा सकता है। वहीं देखने वाली बात ये भी होगी कि उम्मीदवारों तक पुलिस के हाथ पहुंचते हैं या नहीं।

चुनाव उत्तराखंड में, बहार हरियाणा में
रुड़की। पंचायत चुनाव उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में चल रहा है और बहार हरियाणा में छा रही है। चुनाव के दौरान शराब की डिमांड बढ़ने का लाभ हरियाणा को राजस्व के रूप में मिल रहा है। हरियाणा में शराब उत्तराखंड से सस्ती मिलने के कारण उम्मीदवारों को दोहरा फायदा मिल रहा है। रुपयों की बचत के साथ ही अंग्रेजी शराब बंटने सरे वोटरों के बीच रुतबा भी बढ़ रहा है। यही वजह है कि बॉर्डर के इलाकों से लगातार शराब की तस्करी चालू है।

चुनाव में अवैध शराब की तस्करी को लेकर खासकर बॉर्डर पर विशेष निगरानी की जा रही है, लगातार चेकिंग व छापेमारी में अवैध शराब पकड़ी भी जा रही है। -प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें